कई राज्यों में 26 मामलों में संलिप्त तीन साइबर अपराधियों को पुलिस ने दबोचा, एसपी ने प्रेसवार्ता कर दी जानकारी
कहा बैंक का फर्जी एपीके फाइल भेज कर और खुद बैंक अधिकारी बन कर रहे थे साइबर क्राइम

गिरिडीह। साइबर अपराध के विरुद्ध गिरिडीह पुलिस सजग है और इसे लेकर एक बार फिर गिरिडीह पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने अलग-अलग राज्यों के 26 साइबर अपराध में संलिप्त तीन मुख्य साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही उनके पास से 4 मोबाइल फोन एवं 5 सिम कार्ड जब्त लिए गए हैं। उक्त जानकारी एसपी डॉ बिमल कुमार ने मंगलवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर दी। उन्होंने बताया कि जिले के ताराटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़कीटांड-जबरदाहा मुख्य मार्ग पर कुछ साइबर अपराधियों द्वारा ठगी किए जाने की सूचना मिली थी। जिसके बाद साइबर डीएसपी आबिद खा के नेतृत्व में टीम गठन कर छापेमारी की गई।
बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी सरिया एवं अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के निवासी है और पूर्व में भी जेल जा चुके हैं। जबकि इनके मोबाइल फोन में प्राप्त मोबाइल नंबर पर विभिन्न राज्यों में कुल 26 शिकायतें दर्ज पाया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी बैंक का फर्जी एपीके फाइल भेज कर और खुद बैंक अधिकारी बन कर आम जनता को झांसे में लेकर उनके साथ साइबर ठगी किया करते थे।


विदित है कि गिरिडीह में बढ़ते साइबर अपराध पर अंकुश लगाने को लेकर गिरिडीह पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है और अब तक सैकड़ों साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
