आज बनेगी शहर की सरकार, कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू, वार्ड स्तर पर आयेगा रिजल्ट।

गिरिडीह। गिरिडीह, धनवार एवं सरिया नगर निकाय चुनाव का मतगणना गिरिडीह के पचंबा स्थित बाजार समिति में शुरू हो गई है। कड़ी सुरक्षा के बीच चार मतगणना हाल में बैलेट पेपर की गिनती की जा रही है। इसके साथ ही मतगणना केंद्र के बाहर भी कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।
मौके पर उपस्थित जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी रामनिवास यादव ने कहा कि 8 बजे सुबह से ही दो हॉल में गिरिडीह नगर निगम, हॉल नंबर एक में सरिया और हॉल नंबर दो में धनवार के लिए गिनती शुरू कर दिया गया है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है। निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के तीनों निकाय के 166 मतदान केंद्रों के लिए 192 मतदान कर्मियों को लगाया गया है। वार्ड पार्षद चुनाव की गिनती एक राउंड में खत्म हो जाएंगी, वहीं कुछ वार्डों के लिए दूसरे राउंड में गिनती की जा सकती है।


बताया गया कि मतगणना का कार्य दो हॉल में हो रहा है। हॉल नंबर एक में वार्ड नंबर 1 से 18 नंबर वार्ड के लिए कुल 16 टेबल पर पांच राउंड में मतगणना का कार्य सम्पन्न होगा। वहीं हॉल नंबर दो में 16 टेबल पर वार्ड नंबर 19 से 36 तक का चार राउंड में मतगणना कार्य सम्पन्न होगा। एक राउंड सम्पन्न होने में संभवतः दो घंटे से अधिक का समय लग सकता है।
