आख़िरकार स्वदेश लौटे कैमरून में फँसे मज़दूर

कैमरून में फँसे झारखंड के पाँच मजदूर आखिरकार सुरक्षित स्वदेश लौट आए हैं। झारखंड सरकार और भारत के विदेश मंत्रालय के त्वरित हस्तक्षेप के बाद सभी मजदूर मुंबई हावड़ा मेल से पारसनाथ स्टेशन पहुँचे, जहाँ भावुक माहौल में उनके परिजनों ने उनका स्वागत किया।
गिरिडीह और हजारीबाग के ये मजदूर चार महीनों से वेतन न मिलने और भोजन की तंगी से जूझ रहे थे। मजबूरी में उन्होंने समाजसेवी सिकन्दर अली के माध्यम से सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मदद की गुहार लगाई थी। वीडियो सामने आने के बाद सरकार सक्रिय हुई और न केवल उनका बकाया वेतन दिलाया गया, बल्कि सुरक्षित वतन वापसी भी सुनिश्चित की गई।


घर लौटे मजदूरों ने झारखंड सरकार, केंद्र सरकार, मीडिया तथा समाजसेवी सिकन्दर अली के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनके लौटने से परिवारों ने राहत की साँस ली है।
