अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर गिरिडीह स्टेडियम में हुआ योग का पूर्वाभ्यास, डीसी व एसपी सहित कई पदाधिकारी हुए शामिल
स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका : डीसी

गिरिडीह। आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिला प्रशासन द्वारा गिरिडीह स्टेडियम में योग पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त रामनिवास यादव के नेतृत्व में जिले के वरीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
योगाभ्यास कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, प्रशिक्षु आईएएस यश कुमार, डीडीसी स्मिता कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी जय प्रकाश मेहरा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया तथा योग के महत्व को आत्मसात करने का संकल्प लिया।



मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति का शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा जीवन में अनुशासन एवं संतुलन का विकास होता है। उन्होंने लोगों से आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कहा कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

