Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर फिट इंडिया साइक्लिंग ड्राइव, गिरिडीह में निकली साइकिल रैली

0 59

गिरिडीह : 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर सोमवार को गिरिडीह में फिट इंडिया साइक्लिंग ड्राइव के तहत भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत झंडा मैदान, गिरिडीह से हुई, जो समाहरणालय कार्यालय पपरवाटांड होते हुए गिरिडीह स्टेडियम में संपन्न हुई।

रैली के समापन अवसर पर गिरिडीह स्टेडियम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को मतदाता प्रतिज्ञा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है और प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करे।

sawad sansar

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस की थीम “My India My Vote” तथा टैगलाइन “Citizen at the Heart of Indian Democracy” है। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्ष 2011 से प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को, आयोग के स्थापना दिवस के अवसर पर, राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों की चुनावी प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करना है।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस राष्ट्र के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों की याद दिलाने का दिन है। मतदान में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र को और अधिक सशक्त एवं मजबूत बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान मतदाता शपथ दिलाते हुए उन्होंने कहा,

“हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।”

इस साइकिल रैली में ज़िले के पुलिस कप्तान डॉ विमल कुमार सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी व शहर के नागरिक शामिल हुए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.