Nav Bihan
हर खबर पर पैनी नजर

भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी रथ को मंत्री सुदिव्य कुमार ने हरी झंडी दिखा कर किया रवाना

विद्यालय में तीन दिनों तक बच्चों को विज्ञान से जुड़ी जानकारी प्रदान भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी रथ

24

गिरिडीह। भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी रथ को शुक्रवार को मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी मो वसीम अहमद ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ 30 जून तक जिले के चयनित विद्यालयों में पहुंच कर विद्यालय में तीन दिनों तक बच्चों को विज्ञान से जुड़ी जानकारी प्रदान करेगा। प्रथम दिन विद्यालय पहुंच कर इस रथ के माध्यम से विज्ञान की प्रदर्शनी की जाएगी और बस में उपस्थित मास्टर ट्रेनर के द्वारा बच्चों को विज्ञान की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। वहीं दूसरे दिन साइंस डिमॉन्स्ट्रेशन लेक्चर एवं अंतिम दिन विद्यालय कक्ष में फिल्म शो व टेलीस्कोप शो विद्यालय के दिशा निर्देश के आधार पर आयोजित किया जाएगा।

मौके पर उपस्थित मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद और झारखंड विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद के संयुक्त तत्वावधान में शुरू की गई है। बीआईटीएम कोलकाता के द्वारा दो बसें झारखंड में आई हुई है। इस भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी रथ का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जोड़ना है, जो विज्ञान केंद्रों तक नहीं पहुंच पाते हैं। कहा कि यह प्रयास न केवल विज्ञान को गांव-गांव तक पहुंचाएगा, बल्कि बच्चों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना को भी सशक्त बनाएगा। उन्होंने बताया कि यह पहल राज्य में विज्ञान शिक्षा को समृद्ध बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह वाहन झारखंड के हरेक जिलों में जाएगा और वहां के चयनित विद्यालयों में पहुंच कर बच्चों को रोचक तरीके से विज्ञान की जानकारी देगा।

Comments are closed.