दो नाबालिग आदिवासी बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म, क्षेत्र में सनसनी
पीरतांड थाना क्षेत्र का मामला, जतरा मेला घूमने आईं थीं दोनों लड़कियां

गिरिडीह: जिले के पीरटांड प्रखंड अंतर्गत एक गांव की दो आदिवासी नाबालिग लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना घटी है. घटना रविवार-सोमवार की देर रात की बतायी जा रही है. इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है जबकि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आयी और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है.
जानकारी के अनुसार इस क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से जतरा मेला लगा हुआ है. इसी जतरा मेला में ये दोनों लड़कियाँ अपने गांव के कुछ परिचितों के साथ आई थीं. मेला घूमने के दरम्यान ये अपने परिचितों से बिछड़ गईं तो दोनों लड़कियां अपने एक अन्य परिचित युवक के साथ वापस घर की तरफ लौटने लगीं. लौटने के क्रम में एक सुनसान स्थान पर छह-सात युवकों ने इन्हें घेर लिया. उन लोगों ने साथ आ रहे युवक की पिटाई की और उसे भगा दिया. फिर दोनों लड़कियों को खेत की तरफ ले गए और वहीं पर दोनों के साथ इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया.


परिजनों को जानकारी मिली तो उन्होंने सोमवार को मामले की जानकारी हरलाडीह ओपी पुलिस को दी. मामले क़ी गंभीरता को देखते हुए इस बात क़ी सूचना जिले के पुलिस कप्तान डॉ बिमल कुमार को दी गई. सूचना मिलते ही एसपी ने डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार को तुरंत ही हरलाडीह भेजा. यहां महिला पुलिसकर्मियों को भी बुलाया गया. इसके बाद घटना की जानकारी लेते हुए जांच शुरू की गई. महिला पुलिसकर्मियों ने दोनों बच्चियों से पूरी घटना की जानकारी लेते हुए पूरी घटना से एसडीपीओ को अवगत करवाया. एसडीपीओ ने भी घटना की जानकारी ली. जिस युवक को पीटा गया था उससे भी पूछताछ की जा रही है.
इस बाबत डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि जतरा मेला घूमने आयी दो नाबालिग लड़कियों संग दुष्कर्म किए जाने की शिकायत मिली है. पुलिस इस मामले को लेकर लगातार छानबीन कर रही है. मामला गंभीर है और एक भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा.
घटनास्थल का किया मुआयना
घटना की जानकारी लेने के बाद एसडीपीओ ने ये भी बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और अपराधियों की खोजबीन के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है. पीड़िताओं की चिकित्सीय जांच कराई जा रही है.
