ईद, सरहुल, रामनवमी एवं चौती नवरात्र के मद्देनजर उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक, विधि व्यवस्था संधारण को लेकर अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश
डीसी व एसपी ने लोगों से की आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के पर्व मनाने की अपील जुलुस के साथ जेनेरेटर एवं लाइट की रहेगी व्यवस्था, ड्रोन से पूरे जुलूस की होगी निगरानी: डीसी उपद्रव व अफवाह फैलाने वाले असमाजिक व अराजक तत्वों के विरूद्ध होगी सख्त कार्रवाई: एसपी

गिरिडीह। ईद, सरहुल, रामनवमी पर्व एवं चैती नवरात्र को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय पदाधिकारी/पुलिस पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में मुख्य रूप से जिले में सौहार्दपूर्ण माहौल में आगामी पर्व संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सभी बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारियों से थाना व अंचल स्तर पर आयोजित शांति समिति की बैठक की जानकारी ली गई। साथ ही उन्हें अलर्ट मोड़ में रहने का निर्देश दिया गया। किसी भी तरह की आपत्तिजनक, अश्लील गाने को बजाने पर पूरी तरह से पांबदी रखने की बात कही।
बैठक के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि आगामी त्योहारों के अवसर पर उत्कृष्ट विधि-व्यवस्था संधारण, सुचारू यातायात प्रबंधन तथा सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। साथ ही सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाये रखने में शांति समिति, प्रबुद्धजन, समाजसेवी एवं गणमान्य व्यक्तियों की अहम भूमिका है। कहा कि अनुमंडल क्षेत्रों में कंट्रोल रूम कार्यरत रहेगा। जुलुस के साथ जेनेरेटर एवं लाइट की व्यवस्था रहेगी तथा ड्रोन से पूरे जुलूस की निगरानी होगी। उन्होंने कहा कि जुलूस के रूट में बदलाव नहीं होगा। नियमसंगत सभी चीजों को करना है ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा और कठिनाई उत्पन्न न हो। साथ ही कहा कि पर्व से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लेंगे। बीडीओ सीओ व थाना प्रभारी को अपने सूत्रों को सक्रिय करने का निर्देश दिया गया। अग्निशमन विभाग/स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया। अग्निशमन वाहनों व एंबुलेंस को जगह-जगह पर प्रतिनियुक्त करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। आवश्यक स्थलों पर बैरिकेडिंग करने का भी निर्देश दिया गया।


इस दौरान उपायुक्त श्री यादव ने कहा कि आगामी पर्व को लेकर अनुमंडल व थाना स्तर पर सारी तैयारी कर ली गई है। शांति समिति के सदस्यों से रामनवमी पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील करते हुए कहा कि पर्व त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने की जिम्मेवारी सभी लोगों की है। कहा कि पर्व के दौरान पेयजल एवं बिजली संबंधित व्यवस्था को दुरुस्त कर लिया जायेगा। वहीं पूरे जिले में सुरक्षा के कड़े इंतेज़ाम रहेंगे। जिला मुख्यालय की सभी चौक चौराहों पर बैरिकेडिंग किया जाएगा। प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विधि व्यवस्था संधारण का कार्य पूरी मुस्तैदी एवं तत्परता के साथ करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सोशल नेटवर्किंग साइट्स विशेष निगरानी रखेंगे ताकि किसी भी प्रकार की कोई आपत्तिजनक संदेश का फैलाव ना हो। उत्पाद अधीक्षक अवैध शराब के विरुद्ध लगातार छापेमारी करना सुनिश्चित करेंगे।
बैठक के दौरान एसपी डॉ विमल कुमार ने कहा कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल जिला को उपलब्ध है और सभी की प्रतिनियुक्ति कर दी जाएगी। सभी अलर्ट रहकर अपने दायित्वों का निर्वाहन करेंगे। सभी अनुमंडल क्षेत्रों में कंट्रोल रूम कार्यरत रहेगा। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या घटना पर तुरंत अपने वरीय पदाधिकारी के साथ कंट्रोल रूम को सूचित करने का निर्देश दिया गया है। कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों के बड़ी ईमारतों पर भी पुलिस बल प्रतिनियुक्त किए जायेंगे। उन्होंने आमजनों को किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने का आग्रह किया। अगर कुछ संदिग्ध होता है तो अविलंब स्थानीय बीडीओ/सीओ व थानों प्रभारियों को सूचित करने की अपील की। कहा कि पर्व के दौरान प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और तत्परता के साथ कार्य कर रही है। किसी भी तरह का उपद्रव व अफवाह फैलाने वाले असमाजिक व अराजक तत्वों के विरूद्ध सख्त-से-सख्त कार्रवाई की जाएगी।
